Mahashivratri 2025: महाशिवरात्रि व्रत परम मंगलमय और दिव्यतापूर्ण है। यह व्रत चारों पुरुषार्थों धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष को देने वाला माना गया है। इस दिन जो प्राणी परमसिद्धिदायक भगवान शिव का व्रत,अभिषेक और पूजन करते हैं वह परम भाग्यशाली होता है। भगवान शिव कल्याणकारी हैं, भक्तिभाव से की गई मात्र एक लोटा जल की पूजा से भी प्रसन्न हो जाते हैं।
महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव की पूजा और व्रत रखने का विशेष महत्व है। इस दिन शिवलिंग पर विभिन्न पवित्र वस्तुएं चढ़ाने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और शिव कृपा प्राप्त होती है। शिव पुराण और अन्य ग्रंथों में ऐसी पवित्र चीजों का उल्लेख मिलता है, जिन्हें शिवलिंग पर चढ़ाने से अलग-अलग लाभ मिलते हैं।
गंगाजल
गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक करने से पापों का नाश होता है और मोक्ष प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।
कच्चा दूध
शुद्ध गाय के दूध से अभिषेक करने से सुख-समृद्धि,विद्या,उत्तम संतान की प्राप्ति और मानसिक शांति प्राप्त होती है।
दही
दही चढ़ाने से संतान सुख की प्राप्ति होती है और पारिवारिक जीवन सुखमय बनता है।
शहद
शहद से शिवलिंग का अभिषेक करने से मधुर वाणी,कर्ज से मुक्ति और समाज में प्रतिष्ठा मिलती है।
घी
शुद्ध घी से शिवलिंग पर अभिषेक करने से आरोग्य लाभ और दीर्घायु प्राप्त होती है।
गन्ने का रस
गन्ने का रस चढ़ाने से आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और व्यापार में वृद्धि एवं दांपत्य जीवन सुखी रहता है।
पंचामृत
पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद और शक्कर) से अभिषेक करने से सर्वसुख की प्राप्ति होती है।
भस्म
शिवजी को भस्म अत्यंत प्रिय है। इसे चढ़ाने से नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है और आध्यात्मिक शक्ति बढ़ती है।
बेलपत्र
बेलपत्र चढ़ाने से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं और सभी दोषों का निवारण करते हैं और बिल्वपत्र चढाने पर मनुष्य अपनी सारी काम्य वस्तुएं प्राप्त कर लेता है।
धतूरा
धतूरा शिव को अत्यंत प्रिय है। इसे अर्पित करने से शत्रुओं से मुक्ति और आत्मबल की वृद्धि होती है एवं धतूरे से विषैले जीवों से खतरा नहीं रहता।
भांग
भांग चढ़ाने से मानसिक शांति मिलती है और तनाव और अवसाद दूर होता है।
सफेद चंदन
सफेद चंदन से शिवलिंग का लेपन करने से मन को शीतलता मिलती है और इच्छाएं पूर्ण होती हैं।इसी प्रकार चन्दन मिश्रित जल चढाने से व्यक्तित्व आकर्षक होता है।