शाहीन बाग के नाम पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विवादित बयान दिया है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि शाहीन बाग में सुसाइड बॉम्बर का जत्था बनाया जा रहा है और देश के खिलाफ साजिश हो रही है।
दो दिन पहले शाहीन बाग का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें महिलाएं ये कह रही थीं कि उन्होंने अपने बच्चों को ट्विंकल-ट्विंकल नहीं बल्कि कर्बला का पाठ पढ़ाया है। गिरिराज सिंह ने ट्वीट किया, यह शाहीन बाग़ अब सिर्फ आंदोलन नही रह गया है। यहाँ सूइसाइड बॉम्बर का जत्था बनाया जा रहा है। देश की राजधानी में देश के खिलाफ साजिश हो रही है।
बता दें कि इससे पहले गिरिराज सिंह ने मीडिया से कहा था कि शाहीन बाग खिलाफत आंदोलन का केंद्र बन गया है और विपक्ष इस पूरे मामले में सांप्रदायिक राजनीति का खेल खेल रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में राजनीति विपक्ष, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी करती आई है।