हिमाचल दिवस के पावन अवसर पर 15 अप्रैल को स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा शुरू होगी जो 51 दिनों में प्रदेश की सभी 3615 ग्राम पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों से होकर गुजरेगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को रथ यात्रा के लिए राज्य स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि इस रथ यात्रा का प्रमुख उद्देश्य प्रत्येक हिमाचलवासी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर उनमें अपनत्व की भावना उत्पन्न करना है। यात्रा का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश की 50 वर्षों की शानदार विकासात्मक यात्रा प्रदर्शित करने पर केंद्रित होगा। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा सोशल मीडिया और रथ यात्रा के माध्यम से प्रदेश के लगभग 25 लाख लोगों तक पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी विभागों को अपनी उपलब्धियों पर प्रकाश डालने के लिए इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि इसमें प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और कार्यक्रमों पर प्रकाश डालने पर विशेष बल दिया जाएगा जिसके लिए विभाग अपनी विकासात्मक यात्रा को दर्शाती विवरणिका, सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री उपलब्ध कराएंगे जिसे डिजिटल रथ के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
वही, सीएम जयराम ठाकुर ने लोगों के मनोरंजन के लिए स्थानीय और राष्ट्र स्तरीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों को जोड़ने, और नुक्कड़- नाटकों और गानों के माध्यम से प्रदेश की शानदार यात्रा पर प्रकाश डालने, युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर स्वर्णिम इतिहास पर चर्चा, क्विज प्रतियोगिताएं, वाद- विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित करने के भी निर्देश दिए।