त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने एक बार फिर अजीबोगरीब बयान दिया है। त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में एक कार्यक्रम में बिप्लब देब ने कहा कि उनकी पार्टी की योजना सिर्फ देश ही नहीं बल्कि पड़ोसी देशों में भी सरकार बनाने की है। बिप्लब देब ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह की नेपाल और श्रीलंका में भी सरकार बनाने की योजना है।
दरअसल, इस कार्यक्रम में बिप्लब देब गृह मंत्री से काफी पहले हुई बातचीत साझा कर रहे थे। दोनों के बीच यह बातचीत साल 2018 में हुए त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के समय हुई थी। इस चुनाव में भाजपा ने त्रिपुरा में लेफ्ट को हराकर सरकार बनाई थी। बिप्लब देब ने बताया कि उस समय भाजपा के अध्यक्ष रहे अमित शाह ने एक मीटिंग के दौरान भारत के सभी राज्यों में जीतने के बाद 'विदेशों' में जीत दर्ज करने की योजना के बारे में बताया था।
उन्होंने बताया, 'हम स्टेट गेस्टहाउस में बात कर रहे थे जब अजय जामवाल (बीजेपी के नॉर्थईस्ट जोनल सेक्रटरी) ने कहा कि बीजेपी ने कई राज्यों में सरकार बना ली है। इसके जवाब में अमित शाह ने कहा कि अब श्रीलंका और नेपाल बचे हैं। हमें नेपाल और श्रीलंका में पार्टी का विस्तार करना है और वहां सरकार बनाने के लिए जीतना है।'
इस दौरान त्रिपुरा के सीएम ने अमित शाह के नेतृत्व की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भाजपा जल्द ही केरल में कांग्रेस और लेफ्ट के बीच सत्ता के हस्तांतरण के चलन को बदल देगी और दक्षिणी राज्यों में भी जीतेगी।