दक्षिण अफ्रीका की 25 साल जोजिबिनी टूंजी को साल 2019 के मिस यूनिवर्स खिताब से नवाजा गया है। अमेरिका के अटलांटा में रविवार आयोजित समारोह में 90 सुंदरियों के बीच मुकाबला था। साउथ अफ्रीका, मैक्सिको, कोलंबिया, थाइलैंड और प्यूरटोरिको की सुंदरियों को टॉप फाइव में पहुंचने में सफलता मिली थी। मिस मैक्सिको दूसरे नंबर पर रहीं।
पिछले वर्ष की मिस यूनिवर्स फिलीपींस की कैटोरिना ग्रे ने इस साल की मिस यूनिवर्स को ताज पहनाया। जोजिबिनी, साउथ अफ्रीका के टोस्लो की रहने वाली हैं। मिस यूनिवर्स की आधिकारिक वेबसाइट पर उनकी बायो के मुताबिक वह एक जुनूनी कार्यकर्ता हैं जो लैंगिक भेदभाव से जुड़ी हिंसा के खिलाफ आवाज उठाती आई हैं। वेबसाइट पर लिखा है, उन्होंने अपने सोशल मीडिया कैंपेन का प्रयोग रुढ़िवादी विचारधाराओं पर आधारित सोच को बदलने के लिए किया है। वह हमेशा प्राकृतिक सौंदर्य की वकालत करती आई हैं और साथ ही वह महिलाओं को खुद से प्यार करने के लिए प्रोत्साहित करती आई हैं।
पब्लिक रिलेशंस में ग्रेजुएट जोजिबिनी का जन्म टोस्लो के ईस्टर्न केप में हुआ और पड़ोस के गांव सिडावाडवेनी में उनका पालन-पोषण हुआ। इसके बाद वह केपटाउन आ गईं और उन्होंने केप पेनिनसुला युनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में ग्रेजुएशन किया। साल 2018 में उन्होंने इमेज मैनेजमेंट और पब्लिक रिलेशंस में ग्रेजुएशन किया। मिस साउथ अफ्रीका का खिताब जीतने से पहले उन्होंने केपटाउन में पब्लिक रिलेशंस डिपार्टमेंट के साथ एक ग्रेजुएट इंटर्न के तौर पर काम भी किया है