हिमाचल (Himachal Pradesh) में एक बार फिर से मौसम करवट ले सकता है। राज्य में अगले चार दिनों यानी 26 से 29 अप्रैल तक बारिश के ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार प्रदेश के कई क्षेत्रों में 26 और 27 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। इसके कारण फसलों और फलदार पौधों को काफी नुकसान हो सकता है। मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मध्यपर्वतीय जिले शिमला, सोलन, चंबा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में 26 और 27 अप्रैल को बिजली गिरने के साथ ओलावृष्टि (Hailstorm) होने की संभावना है। वहीं 27 अप्रैल को मैदानी क्षेत्रों हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और कांगड़ा में येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया गया है। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डा. मनमाेहन सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों तक मौसम साफ बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 26 से 29 अप्रैल तक बारिश के साथ ओले पड़ने के आसार बन सकते हैं।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेगी। वहीं अधिकतम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना बन सकती है। ऊना में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 32, हमीरपुर में 31.7, कांगड़ा में 31.5, सुंदरनगर में 30.3, चंबा में 29.3, नाहन में 29.2, सोलन में 28, शिमला में 21.6, धर्मशाला में 21.2, डल्हौजी में 16.2 और केलंग में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।