जजपा नेता पूर्ण सिंह डाबड़ा का बुधवार को कोरोना से निधन हो गया वह 75 वर्ष के थे। बता दें कि उनका मेदांता अस्पताल में उपचार चल रहा था। वे कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। जेजेपी के राष्ट्रीय महासचिव पूर्ण सिंह डाबड़ा 2000 से 2005 तक घिराय हलके से विधायक रहे थे। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने पूर्ण सिंह डाबड़ा के निधन पर दुख जताया है।
आपको बता दें कि 75 वर्षीय पूर्ण सिंह कोरोना का इलाज कराने के लिए मेदांता में भर्ती थे और शुगर लेवल हाई होने की वजह से उनकी हालत बिगड़ गई। बुधवार को उन्होंने आखिरी सांस ली। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह गांव डाबड़ा में किया जाएगा। वह अपने पीछे दो लड़के व दो लड़कियां छोड़ गए। उनके निधन पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला और जजपा के जिला प्रधान रमेश गोदारा समेत अनेक गणमान्य नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है।
पूर्ण सिंह डाबड़ा 13 साल तक लोकदल और इनेलो के जिला प्रधान भी रहे थे। इसके साथ ही इनेलो में किसान प्रेकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष का पदभार भी संभाला था। वर्तमान में पूर्ण सिंह डाबड़ा जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव थे।