केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध जताने के लिए पंजाब और हरियाणा से दिल्ली की ओर कूच कर रहे किसानों को अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का साथ मिल गया है। उन्होंने कहा है कि कृषि कानूनों के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से किसानों को रोकना और उन पर पानी की बौछार करना बिल्कुल गलत है।
दरअसल, विरोध प्रदर्शन के तहत किसानों अपने ट्रैक्टर-ट्रेलर के साथ पंजाब से दिल्ली की ओर कूच किया जिसे रोकने के लिए हरियाणा में सीमा पर अवरोधक लगाए गए। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने और उन्हें दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए गुरुवार को कम से कम 2 बार पानी की बौछार का इस्तेमाल किया गया। जिसके बाद सीएम केजरीवाल किसानों के समर्थन में उतरे है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, ''केंद्र सरकार के तीनों खेती बिल किसान विरोधी हैं। ये बिल वापस लेने की बजाय किसानों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है, उन पर वाटर कैनन चलाई जा रही हैं। किसानों पर ये जुर्म बिल्कुल गलत है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन उनका संवैधानिक अधिकार है।''
जानकारी के लिए आपको बता दें कि किसानों को दिल्ली में घुसने से रोकने के लिए हरियाणा से सटी सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया। वही, बॉर्डरों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।