भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का आज यानि 26 सितंबर को जन्मदिन है। उनके 88वें जन्मदिन पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बधाई दी है। उन्होंने मनमोहन सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा उनकी ईमानदारी, शालीनता और समर्पण हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। साथ ही राहुल ने कहा कि देश उनके जैसे एक प्रधानमंत्री की कमी को महसूस करता है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ट्वीट कर लिखा, 'भारत आज ऐसे प्रधानमंत्री की कमी महसूस कर रहा है, जिसमें मनमोहन सिंह जैसी समझ हो। उनकी ईमानदारी, शालीनता और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्हें जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनाएं और आगे का साल प्यारा हो।'
बता दें कि मनमोहन सिंह ने यूपीए के नेतृत्व में अटल बिहारी वाजपेयी की एनडीए सरकार को हराने के बाद 2004 से 2014 के बीच भारत के 13 वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। मनमोहन सिंह ने वित्त मंत्री के कार्यकाल के दौरान विदेश व्यापार उदारीकरण, वित्तीय उदारीकरण, कर सुधार और विदेशी निवेश का रास्ते जैसे अहम फैसले लिए। उनके इन फैसलों ने अर्थव्यवस्था को ना सिर्फ नई गति दी बल्कि मजबूती भी प्रदान की।
इसके अलावा वित्त मंत्री के तौर पर मनमोहन सिंह ने कई अहम फैसले लिए। खास तौर पर ऐसे निमयों में बदलाव लाए जिनकी वजह से अर्थव्यवस्था की गति धीमी पड़ रही थी, उन्हें तेजी मिले। इसके साथ ही उन्होंने भारत को दुनिया के बाजार के लिए भी खोला। इसके साथ ही देश में आर्थिक क्रांति और ग्लोबलाइजेशन की शुरुआत का श्रेय भी मनमोहन सिंह को ही जाता है।