हिमाचल प्रदेश में बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि राज्य में फिलहाल लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा लेकिन भविष्य में परिस्थितियों के आधार पर इसका फैसला लिया जा सकता है। उन्होंने यह बात ऊना में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कही।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि लॉकडाउन से बचने लिए पुख्ता उपाय किए गए है। हालांकि गत वर्ष कोरोना संक्रमण को रोकने में लॉकडाउन ने काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने आगे कहा, 'लॉकडाउन के दौरान सभी व्यवस्थाएं बंद हो जाती हैं, जीवन ठहर जाता है। इसका बुरा प्रभाव अर्थव्यवस्था पर और लोगों के जनजीवन पर भी पड़ता है। ऐसे में इस बार लॉकडाउन की तरफ अभी नहीं जाना चाहिए। यदि परिस्थितियां बहुत ज्यादा खराब होंगी तो इस बारे में विचार किया जा सकता है।'
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के साथ ही हुए छह नगर पंचायत चुनावों में 5 सीटों पर भाजपा की जीत हुई है। नगर निगम के चुनाव कांग्रेस के लिए वर्तमान समय में राहत की कुछ बूंदे हो सकती हैं। लेकिन, प्रदेश में सत्ता पाने के मंसूबे पर कांग्रेस कभी कामयाब नहीं होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अपराध को लेकर विपक्ष द्वारा पेश किए जा रहे तथ्यों को भी गलत करार दिया है।