बुधवार को बॉलीवुड एक्टर इरफान खान के बाद आज यानि गुरुवार को दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर ने दुनिया को अलविदा कह दिया। सांस लेने में परेशानी के कारण ऋषि कपूर को बुधवार रात को एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने आज आखिरी सांस ली।
ऋषि कपूर 67 साल के थे और कैंसर से पीड़ित थे। गुरुवार सुबह अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर ऋषि कपूर के निधन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'वो गया। ऋषि कपूर गए। अभी उनका निधन हुआ। मैं टूट गया हूं।'
T 3517 - He's GONE .. ! Rishi Kapoor .. gone .. just passed away ..
I am destroyed !
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) April 30, 2020
अमिताभ के बाद कपूर परिवार की ओर से ऋषि कपूर के भाई रणधीर कपूर ने भी निधन की जानकारी दी। कपूर खानदान की ओर से संदेश जारी कर बताया गया कि गुरुवार सुबह 8.45 बजे ऋषि कपूर ने अंतिम सांस ली। वो ल्यूकेमिया नामक बीमारी से पिछले 2 साल से लड़ रहे थे। अस्पताल ने उनके लिए आखिरी दम तक कोशिश की। पिछले साल वो जब विदेश से इलाज करवाकर वापस आए थे, तो काफी खुश थे और हर किसी से मिलना चाहते थे। लेकिन ये बीमारी दूर नहीं जा सकी।
आपको बता दें कि ऋषि कपूर का साल 2018 में कैंसर का इलाज चला और वे करीब एक साल से ज्यादा वक्त न्यूयॉर्क में रहे, जहां पर उनका इलाज किया गया। उनके साथ उनकी पत्नी और अभिनेत्री नीतू सिंह थी। फरवरी में स्वास्थ्य कारणों के चलते ऋषि कपूर को दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।