होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर मतदान जारी,दोपहर 3 बजे तक46.26% मतदान हुआ

हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर मतदान जारी,दोपहर 3 बजे तक46.26% मतदान हुआ

 

Haryana LokSabha Election Voting LIVE Updates: लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आज  हरियाणा में 10 लोकसभा सीट और करनाल विधानसभा सीट पर मतदान शुरू हो गया है। राज्य में कुल दस लोकसभा सीटों से 223 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें 207 पुरुष तो वहीं 16 महिला उम्मीदवार हैं। इनकी किस्मत का फैसला राज्य के लगभग दो करोड़ वोटर्स के हाथ में है। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है, जो कि शाम 6 बजे तक चलेगी। 

हरियाणा में दोपहर 3 बजे तक46.26% मतदान हुआ।

हरियाणा में दोपहर 1 बजे तक 36.48%  मतदान हुआ।

सिरसा में 1 बजे तक 40.84% वोटिंग 
अंबाला में 1 बजे तक 38.12% वोटिंग
हिसार में 1 बजे तक 34.99% वोटिंग
भिवानी-महेंद्रगढ़ में 1 बजे तक 38.37% वोटिंग
रोहतक में 1 बजे तक 38.15% वोटिंग
करनाल में 1 बजे तक 35.69% वोटिंग
गुड़गांव में 1 बजे तक 30.59% वोटिंग
सोनीपत में 1 बजे तक 37.07% वोटिंग
फरीदाबाद में 1 बजे तक 33.92% वोटिंग
कुरुक्षेत्र में 1 बजे तक 40.06% वोटिंग
 

कुमारी शैलजा और योगेश्वर दत्त ने डाला वोट

सिरसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी शैलजा ने वोट डाला, उन्होंने कहा कि, "लोग कांग्रेस और गठबंधन की तरफ देख रहे हैं। लोग विकल्प देख रहे हैं। लोगों ने इनकी(भाजपा) हक़ीकत जान ली है। हरियाणा में बेरोज़गारी एक बहुत बड़ा मुद्दा है।" वहीं  सोनीपत में पहलवान योगेश्वर दत्त ने भी बैंसवाल गांव में वोट डाला। 

हरियाणा में सुबह11 बजे तक22.09% मतदान दर्ज किया गया है। 

अभय चौटाला,  रणदीप सुरजेवाला और दीपेंद्र हुड्डा ने डाला वोट

अभय सिंह चौटाला ने पी.एम.श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, "कांग्रेस और भाजपा की गलतफहमी लोग दूर कर देंगे। लोगों का विश्वास INLD पार्टी के प्रति काफी बढ़ा है। नतीजे बहुत चौकाने वाले होंगे।" वहीं रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने वोट डाला। इसके अलावा कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मतदान केंद्र इंडस स्कूल, सेक्टर-20 कैथल पहुंचकर अपना वोट डाला। 

हरियाणा में सुबह 9 बजे तक 8.31% मतदान दर्ज किया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी ने डाला वोट

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर #LokSabhaElections2024 के लिए अपना मतदान किया।

अशोक तंवर ने डाला वोट

सिरसा से भाजपा उम्मीदवार अशोक तंवर ने वोट डालने के बाद कहा, "यह लोकतंत्र का महा पर्व है। 4 जून को 400 पार होगा और विपक्ष कहेगा कि मशीनें खराब हैं। वो ये नहीं देखेंगे कि उनका संगठन का ढांचा खराब है, उनका नेतृत्व खराब है। बेईमान लोगों को जनता ने नकार दिया है।" 

दुष्यंत चौटाला ने डाला वोट

सिरसा से जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला ने मतदान करने के बाद कहा, "मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे बाहर निकलें और बदलाव के लिए वोट करें...यह लोकतंत्र का महापर्व बहुत महत्वपूर्ण है..."

नवीन जिंदल ने डाला वोट

भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल उनकी पत्नी के साथ कुरूक्षेत्र में वोट डालने पहुंचे। भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल ने कहा, "हमने कोशिश की है कि जन-जन तक हम अपने संदेश को पहुंचाएं...लोगों में भाजपा के प्रति उत्साह है। भाजपा बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी। प्रधानमंत्री मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। मैं सभी से अनुरोध करना चाहता हूं कि बढ़ चढ़कर मतदान करें।" 

कृष्णपाल गुर्जर ने डाला वोट

फरीदाबाद से केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार कृष्णपाल गुर्जर ने फरीदाबाद सेक्टर-29 स्थित डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल में अपने परिवार के साथ वोट डाला।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी डाला वोट

नारायणगढ़, मंदसौर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोकसभा चुनाव के छठे चरण में अपना वोट डाला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वोट डालने के बाद कहा, "लोकतंत्र का महापर्व है। हम सभी को इसकी मजबूती के लिए इसमें हिस्सा लेना चाहिए। मैं सभी प्रदेश वासियों से अपील करता हूं कि मतदान करें। PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में भारत ने विकास की एक नई दिशा तय की है। आज पूरे विश्व में भारत ऊंचाई पर पहुंचा है।"
 

मनोहर लाल ने डाला वोट

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और करनाल लोकसभा से BJP उम्मीदवार मनोहर लाल ने अपना वोट डालने के बाद कहा, "आज लोकतंत्र का महा पर्व हरियाणा की 10 की 10 सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। मुझे अपने बूथ पर पहला वोट डालने का अवसर प्राप्त हुआ। इस महा पर्व में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। वोट जरूर डालें। मैं शाम तक सभी लोकसभा क्षेत्रों में एक बार जाकर आऊंगा। चुनाव शांतिपूर्वक होना चाहिए।"
 

भूपेंद्र हुड्डा ने जनता से की वोट की अपील 

हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, ''मैं हरियाणा के लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग करें और बड़ी संख्या में मतदान करें।''

इन नेताओं की प्रतिष्ठा हैं दांव पर 
हरियाणा में दिग्गज नेता अभय चौटाला, पूर्व सीएम मनोहर लाल , दीपेंद्र हुड्डा, कृष्ण पाल गुर्जर, राव इंद्रजीत सिंह, नवीन जिंदल, राज बब्बर, अशोक, तंवर, कुमारी सैलजा और रणजीत सिंह चौटाला की प्रतिष्ठा दांव पर है।  

लोकसभा की इन 10 सीटों पर हो रहा मतदान
इसमें अंबाला, करनाल, सोनीपत, रोहतक, सिरसा, कुरुक्षेत्र, फरीदाबाद, गुड़गांव, भिवानी-महेंद्रगढ़ और हिसार लोकसभा सीट शामिल है। बता दें कि पिछली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी।   

जानें किस सीट पर किसके बीच है मुकाबला

सोनीपत लोकसभा सीट :बीजेपी ने मौजूदा सांसद रमेश चंद्र कौशिक का टिकट काट दिया है. पार्टी ने विधायक मोहन लाल बड़ौली पर भरोसा जताया है। बीजेपी के पास जीत की हैट्रिक लगाने का मौका है. जबकि कांग्रेस ने इस सीट से सतपाल ब्रह्मचारी को उम्मीदवार बनाया है। उनकी पहचान एक संत के तौर पर है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों के उम्मीदवार ब्राह्मण समुदाय से आते हैं।  जेजेपी ने भूपेंद्र मलिक को मैदान में उतारा है। पिछले चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार को 1.64 लाख से जीत मिली थी।  

 करनाल लोकसभा सीट 

करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी ने मौजूदा सांसद संजय  भाटिया का टिकट काट दिया है। इस बार पार्टी ने पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर पर दांव लगाया है। जबकि कांग्रेस ने दिव्यांशु बुद्धिराजा को मैदान में उतारा है। उधर, जेजेपी ने देवेंद्र कादयान पर भरोसा जताया है. पिछले चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार ने 6.5 लाख वोटों से जीत हासिल की थी।

 अंबाला लोकसभा सीट 

अंबाला लोकसभा सीट से बीजेपी ने पूर्व सांसद स्वर्गीय रतनलाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया को उम्मीदवार बनाया है। जबकि कांग्रेस ने इस सीट से विधायक वरुण मुलाना को मैदान में उतारा है। जननायक जनता पार्टी (JJP) ने इस सीट स डॉ. किरण पूनिया पर भरोसा जताया है। डॉ. किरण पूर्व मंत्री कृपाराम पूनिया की पुत्रवधू हैं. इस लोकसभा सीट के तहत ही कैबिनेट मंत्री कंवर पाल गुर्जर, राज्य मंत्री असीम गोयल और पूर्व मंत्री अनिल विज की विधानसभा सीटें आती हैं। 

 कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट 

कुरुक्षेत्र सीट से बीजेपी ने नवीन जिंदल को उम्मीदवार बनाया है. पिछले चुनाव में इस सीट से नायब सिंह सैनी ने बड़ी जीत हासिल की थी। नवीन जिंदल 2 बार सांसद रह चुके हैं। आम आदमी पार्टी ने इस सीट से डॉ. सुशील गुप्ता पर दांव लगाया है। इस सीट पर आईएनएलडी ने अभय चौटाला के उम्मीदवार बनाया है।

 फरीदाबाद लोकसभा सीट

जाट बहुलता वाले इस सीट से बीजेपी और कांग्रेस ने गैर-जाट उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है। बीजेपी ने गुर्जर समुदाय से आने वाले मौजूदा सांसद कृष्ण पाल गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है। कृष्ण पाल गु्र्जर पिछले 10 साल से सांसद हैं। उधर, कांग्रेस ने भी इस सीट से गुर्जर बिरादरी से आने वाले चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह को मैदान में उतारा है। जेजेपी ने जाट समुदाय से आने वाले नलिन हुड्डा को उतारा है।

 गुड़गांव लोकसभा सीट 

गुड़गांव लोकसभा सीट से बीजेपी ने एक बार फिर राव इंद्रजीत सिंह को मैदान में उतारा है। इंद्रजीत सिंह पिछले 15 साल से सांसद हैं। हालांकि साल 2009 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी। उसके बाद से बीजेपी के टिकट पर सांसद चुने गए हैं। कांग्रेस ने इस सीट से राज बब्बर पर भरोसा जताया है। जबकि जेजेपी ने राहुल यादव फाजिलपुरिया को उम्मीदवार बनाया है।

 रोहतक लोकसभा सीट 

रोहतक लोकसभा सीट पर बीजेपी ने मौजूदा सांसद अरविंद शर्मा पर भरोसा जताया है। पिछले चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह हुड्डा को सिर्फ 7503 वोटों से हराया था। इस बार फिर से कांग्रेस ने दीपेंद्र सिंह हुड्डा को मैदान में उतारा है। दीपेंद्र हु्डा पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे हैं. इस सीट पर जननायक जनता दल ने रविंद्र सांगवान पर दांव खेला है।

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट 

बीजेपी ने एक बार फिर 2 बार के सांसद धर्मबीर सिंह चौधरी पर दांव लगाया है। धर्मबीर सिंह के पास जीत की हैट्रिक लगाने का मौका है। जबकि कांग्रेस ने राव दान सिंह को मैदान में उतारा है। उधर, जेजेपी ने राव बहादुर सिंह को उम्मीदवार बनाया है। पूर्व विधायक राव बहादुर ने कांग्रेस छोड़कर जेजेपी में शामिल हुए थे।

हिसार लोकसभा सीट 

हिसार लोकसभा सीट पर चौटाला फैमिली में विरासत की लड़ाई है। बीजेपी ने मौजूदा सांसद बृजेंद्र सिंह का टिकट काट दिया है। उनकी जगह पार्टी ने चौधरी देवीलाल के बेटे रणजीत सिंह चौटाला को उम्मीदवार बनाया है। रणजीत सिंह अभी विधायक हैं और हरियाणा सरकार में मंत्री भी हैं। इस सीट पर जननायक जनता पार्टी ने ओम प्रकाश चौटाला की बहू नैना चौटाला को मैदान में उतारा है। जबकि कांग्रेस ने पूर्व सांसद जय प्रकाश जेपी को मैदान में उतारा है।

 सिरसा लोकसभा सीट 

सिरसा सीट पर बीजेपी ने अशोक तंवर को उम्मीदवार बनाया है। अशोक तंवर हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। उधर, कांग्रेस ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा को मैदान में उतारा है। जबकि जननायक जनता पार्टी ने रमेश खटक पर भरोसा जताया है। रमेश खटक 3 बार विधायक रहे हैं और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष हैं।

 


संबंधित समाचार