होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

Vijayadashami 2023: PM मोदी, केजरीवाल से लेकर सोनिया गांधी तक, जानिए किसने कैसे मनाया दशहरा

Vijayadashami 2023: PM मोदी, केजरीवाल से लेकर सोनिया गांधी तक, जानिए किसने कैसे मनाया दशहरा

 

बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा मंगलवार को देशभर में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। देश के अलग-अलग हिस्सों में रावण, उसके बेटे मेघनाद और भाई कुंभकर्ण के बड़े-बड़े पुतले जलाए गए। इन कार्यक्रमों में आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक नेताओं ने भी भाग लिया। इस कड़ी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कई अन्य नेताओं ने दशहरा उत्सव मनाने के लिए दिल्ली में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए।

दिल्ली के द्वारका में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से देश को जातिवाद और क्षेत्रवाद के नाम पर विभाजित करने की कोशिश करने वाली ताकतों को खत्म करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दशहरा उन विचारधाराओं के दहन का भी प्रतीक होना चाहिए जो भारत के विकास के बारे में नहीं बल्कि अपने स्वार्थों को पूरा करने से जुड़े हैं। वहीं, दशहरा कार्यक्रम में एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह त्योहार केवल रावण के पुतले जलाने और राक्षस पर भगवान राम की जीत तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे देश में हर बुराई पर देशभक्ति की जीत का प्रतीक भी होना चाहिए। उन्होंने एक सांकेतिक धनुष से तीर चला कर लंका दहन समारोहों की शुरूआत की।

उधर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लाल किला के पास श्री धार्मिक लीला समिति द्वारा आयोजित दशहरा समारोह में भाग लिया। बाद में उन्हें पुतले की ओर तीर चलाने के लिए सांकेतिक धनुष-बाण दिया गया। इसके अलावा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने नव श्री धार्मिक लीला समिति द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में दशहरा समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम में 'जय श्री राम' के नारों के बीच सोनिया को रामायण की एक प्रति उपहार में दी गई। 

वहीं, दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी विभिन्न रामलीला समितियों द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव में शामिल हुए। दशहरा समारोह में सीएम केजरीवाल कहा कि उनकी सरकार भगवान राम के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय राजधानी के लोगों की सेवा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, ''भगवान राम हमारे आदर्श हैं। उनके जीवन और राम राज्य की उनकी अवधारणा से बहुत कुछ सीखने को है। हमारा प्रयास है कि कोई भी भूखा न सोए और सभी को दिल्ली में अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और बिजली मिले।'' इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं दीं और उनके कल्याण व खुशी के लिए प्रार्थना भी की। 

राजनाथ सिंह ने सेना के जवानों के साथ मनाया दशहरा

उधर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग में सेना के जवानों के साथ दशहरा मनाया। तवांग, चीन की सीमा से लगा रणनीतिक रूप से एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। राजनाथ सिंह ने एक सैन्य अड्डे पर 'शस्त्र पूजा' करने के बाद कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। 

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने मंगलवार को यहां सप्ताह भर चलने वाले कुल्लू दशहरा उत्सव का उद्घाटन किया। यह उत्सव भगवान रघुनाथ की पारंपरिक रथ यात्रा के साथ शुरू हुआ। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की संस्कृति बहुत समृद्ध और अनूठी है और दुनिया भर में इसकी एक अलग पहचान है। 

विजयदशमी पर CM योगी की भव्य शोभायात्रा

वहीं, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी पर गोरक्षपीठ के प्रमुख संत के रूप में शहर में पारंपरिक शोभा यात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान लोग सड़कों के दोनों ओर खड़े हुए थे। मुस्लिम और सिंधी समुदाय के सदस्यों ने शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर आदित्यनाथ का स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान मुख्यमंत्री सजे हुए 'रथ' पर खड़े हुए दिखाई दिए। 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने होशियारपुर में एक दशहरा कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह देखकर अच्छा लगा कि कई बच्चे उत्सव देखने आए हैं और इससे उन्हें हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के बारे में और भी बेहतर ज्ञान प्राप्त होगा।आपको बता दें कि नवरात्र के नौ दिवसीय उत्सव के समापन के बाद दसवें दिन दशहरा मनाया जाता है। दशहरे को विजयादशमी के रूप में भी जाना जाता है। 

 


संबंधित समाचार