होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

पांचवें चरण में राहुल गांधी से स्मृति ईरानी तक मैदान में होंगे ये दिग्गज,जानिए कहां-कहां होगी वोटिंग

पांचवें चरण में राहुल गांधी से स्मृति ईरानी तक मैदान में होंगे ये दिग्गज,जानिए कहां-कहां होगी वोटिंग

 

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह और स्मृति ईरानी समेत जहां पांच केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है तो वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी भी मतदाताओं की कसौटी पर होंगे।दरअसल, 20 मई को पांचवें चरण में यूपी की 14 लोकसभा सीटों और एक विधानसभा सीट पर उप चुनाव के लिए मतदान होगा।

इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह-लखनऊ, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी-अमेठी, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर-मोहनलालगंज, केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा-जालौन, केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति-फतेहपुर लोकसभा सीट पर चुनावी मुकाबले में हैं। वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रायबरेली में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राहुल गांधी के सामने भाजपा ने राज्‍य सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को फिर मौका दिया है जो यहां 2019 में सोनिया गांधी से पराजित हो गए थे। 

इन सीटों पर सोमवार को होगा मतदान 

पांचवें चरण में 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मोहनलालगंज (आरक्षित), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (आरक्षित), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (आरक्षित), बाराबंकी (आरक्षित), फैजाबाद, कैसरगंज, गोंडा लोकसभा सीटें आती हैं। इसमें से 10 सीटें सामान्य श्रेणी की हैं और चार सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। 

144 प्रत्याशी है मैदान में 

पांचवे चरण में 144 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, लखनऊ जिले की लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। दो करोड़ 68 लाख से अधिक मतदाता इन उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। 

जानिए कौन किसके खिलाफ लड़ रहा चुनाव 

इस चरण में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से कांग्रेस ने रायबरेली में राहुल गांधी के अलावा अमेठी से केएल शर्मा, बाराबंकी (आरक्षित) से तनुज पुनिया और झांसी से प्रदीप जैन ‘आदित्य’ को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, बाकी सीटों पर समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मुकाबला लखनऊ मध्य से मौजूदा सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा से है।

अमेठी संसदीय क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव मैदान में हैं, जिन्होंने 2019 में राहुल गांधी को पराजित कर यह सीट जीती थी। ईरानी को टक्‍कर देने के लिए कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतारा है। कैसरगंज लोकसभा सीट पर मुकाबला पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बेटे भाजपा के करण भूषण सिंह और सपा के भगत राम के बीच है वहीं गोंडा में भाजपा के कीर्ति वर्धन सिंह को सपा की श्रेया वर्मा से टक्कर मिल रही है। 

फैजाबाद (अयोध्या) में भाजपा के लल्‍लू सिंह का मुकाबला सपा के अवधेश प्रसाद से है। हमीरपुर में भाजपा से तीसरी बार किस्मत आजमा रहे मौजूदा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल की राह रोकने के लिए सपा ने अजेंद्र सिंह लोधी को मैदान में उतारा है। इन सभी सीटों पर बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार भी मुकाबले में टक्‍कर दे रहे हैं। 

बांदा में मुख्य चुनावी मुकाबला तीसरी बार चुनाव लड़ रहे आरके सिंह पटेल और सपा की कृष्णा देवी पटेल के बीच है। लोकसभा जीत की हैट्रिक पर नजर गड़ाए विनोद कुमार सोनकर का मुकाबला कौशांबी (आरक्षित) सीट पर सपा नेता इंद्रजीत सरोज के बेटे पुष्पेंद्र सरोज से है।

 


संबंधित समाचार