होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

राज्यसभा में जमकर बरसे PM Modi, विपक्ष ने किया वॉक आउट, सभापति बोले- इस कुर्सी पर बैठकर दुखी हूं...

राज्यसभा में जमकर बरसे PM Modi, विपक्ष ने किया वॉक आउट, सभापति बोले- इस कुर्सी पर बैठकर दुखी हूं...

 

PM Modi Rajaya Sabha: आज पीएम मोदी ने राज्यसभा में  राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिया। । इस दौरान पीएम ने मणिपुर समेत NEET मुद्दों पर खुलकर बात रखी। वहीं पीएम के भाषण के दौरान विपक्ष ने वॉक आउट किया तो सभा पति ने कहा कि- देश के 140 करोड़ लोग इस घटना से आहत हुए हैं। मैं विपक्ष के इस कृत्य की भर्त्सना करता हूं। मैं इस कुर्सी पर बैठकर दुखी हूं। भारत के संविधान का अपमान हुआ है। मुझे उम्मीद है कि वे लौटकर आएंगे।

दरअसल विपक्ष की मांग थी कि मल्लिकार्जुन खड़गे को पीएम मोदी के संबोधन के दौरान हस्तक्षेप करने की अनुमति दी जाए लेकिन सभापति जगदीप धनखड़ ने अनुमति नहीं दी। जिसके बाद विपक्ष ने एक साथ सदन से वॉकआउट कर दिया।

NEET मुद्दें पर बोले PM

पीएम मोदी ने अपने भाषण में NEET के मुद्दें पर कहा कि पीएम मोदी ने NEET पेपर लीक पर कहा कि  राष्ट्रपति जी ने पेपर लीक पर चिंता व्यक्त की थी। लेकिन विपक्ष ने नौजवानों की हकों पर चर्चा को राजनीति की भेंट चढ़ा दिया। देश के युवाओं को आश्वस्त करता हूं कि पेपर लीक के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। छात्रों को धोखा देने वालों को छोड़ेंगे नहीं। 

मणिपुर मुद्दें पर खुलकर की बात

पीएम मोदी ने मणिपुर मुद्दें को लेकर कहा कि- मणिपुर में हिंसक घटनाएं कम होती जा रही हैं। जो भी तत्व मणिपुर की आग में घी डालने की कोशिश कर रहे हैं, वो ऐसा करना बंद करें। एक वक्त ऐसा आएगा कि मणिपुर ही उनको रिजेक्ट करेगा। कांग्रेस के लोग ये न भूलें, इतने छोटे राज्य में 10 बार राष्ट्रपति शासन लगाया। हमारी सरकार में ऐसा नहीं हुआ। 1993 में ऐसी ही घटनाओं का क्रम चला था, जो 5 साल तक जारी रहा। हमें शांति स्थापित करना है।

स्थाई समाधान को लेकर लगातार काम किया जा रहा है, जो संगठन हथियार लेकर अंदरखाने लड़ाई लड़ते थे, वो आज सरेंडर कर रहे हैं। मणिपुर की स्थिति सामान्य करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत हैं। वहां जो घटनाएं हुई, घटनाओं को लेकर 11 हजार FIR दर्ज की गई है और 500 से ज्यादा लोग गिरफ्तार किए गए। 

आज मणिपुर में आम दिनों की तरह स्कूल चल रहे हैं, दफ्तर और बाजार खुल रहे हैं। मणिपुर में भी छात्रों ने पेपर दिए। केंद्र सरकार सभी से वार्ता कर शांति के लिए कोशिश कर रही है। पहले की सरकारों में ऐसा नहीं हुआ। हमारे गृहमंत्री और गृह राज्य मंत्री कई दिनों तक वहां रहे। आज केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं। 

कांग्रेस को बताया परजीवी

मुझे नहीं पता कि कांग्रेस के साथी दलों ने इस चुनाव का विश्लेषण किया है या नहीं। ये चुनाव कांग्रेस के साथियों के लिए भी संदेश है। अब कांग्रेस पार्टी 2024 से एक परजीवी कांग्रेस पार्टी के रूप में जानी जाएगी। 2024 से जो कांग्रेस है वो परजीवी कांग्रेस है। परजीवी वो होता है जो जिस शरीर पर रहता है ये परजीवी उसी को ही खाता है। कांग्रेस भी जिस पार्टी के साथ गठबंधन करती है उसी के वोट खा जाती है।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी सहयोगी पार्टी की कीमत पर फलती-फूलती है। इसलिए कांग्रेस परजीवी कांग्रेस बन चुकी है। मैं जब परजीवी कह रहा हूं तो तथ्यों के आधार पर कह रहा हूं। कुछ आंकड़े रख रहा हूं। जहां-जहां बीजेपी और कांग्रेस का सीधा मुकाबला था या जहां कांग्रेस बड़ी पार्टी थी वहां कांग्रेस का स्ट्राइक रेट सिर्फ 26 प्रतिशत है। लेकिन जहां किसी का पल्लू पकड़कर चले, जहां वो जूनियर पार्टनर थे और किसी दल ने उनको कुछ दे दिया, वहां कांग्रेस का स्ट्राइक रेट 50 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की 99 सीटों में से ज्यादातर सीटें उनके सहयोगियों ने उनको जिताया है। इसलिए मैं कहता हूं कि ये परजीवी कांग्रेस है।

संविधान दिवस का विपक्ष ने किया विरोध

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे लिए संविधान कोई आर्टिकल्स का कंपाइलेशन मात्र नहीं है। हमारे लिए उसके शब्द मायने रखते हैं। हमारा संविधान सरकारों के कामकाज में दिशा निर्देशक की तरह काम करता है। मुझे याद है कि जब सरकार ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाएंगे। मैं हैरान हूं कि आज जो लोग संविधान की प्रति लहराते फिरते हैं, उन लोगों ने विरोध करते हुए कहा था कि इसकी क्या जरूरत है, 26 जनवरी तो है। 

दिनाजपुर की घटना पर भी बोले पीएम

पश्चिम बंगाल की दिनाजपुर की घटना पर बोले पीएम- देश का दुर्भाग्य है कि महिलाओं के साथ सिलेक्टिव रवैया रखा जाता है। मैं किसी राज्य के खिलाफ नहीं बोलता, लेकिन कुछ समय पहले बंगाल (दिनाजपुर की घटना का जिक्र) से आई कुछ तस्वीरों में देखा कि एक महिला को लाठियों से सरेआम पीटा जा रहा था। लेकिन जब पीड़ा संदेशखाली से आई। इस पर बड़े-बड़े दिग्गज चुप्पी साधे बैठे हैं। क्योंकि उनके संबंध वहां से आने वाले एक राजनीतिक दल से हैं। इससे देश को तो पीड़ा होती ही है, महिलाओं को ज्यादा होती है। लेकिन जब राजनीति सिलेक्टिव नहीं होती है तो उनको सांप सूंघ जाता है।

जम्मू-कश्मीर समेत इन तमाम मुद्दों पर भी बोले पीएम

जम्मू-कश्मीर में चुनाव में रिकॉर्ड मतदान संविधान पर भरोसा है। मैं वहां के मतदाताओं को बधाई देता हूं। जम्मू-कश्मीर में आकंत के खिलाफ हमारी लड़ाई अंतिम दौर में है। अब वहां आतंक और अलगाव खत्म हो रहा है। वहां टूरिज्म और निवेश बढ़ रहा है। जो लोग नॉर्थ ईस्ट पर सवाल उठाते हैं, उन्हें इलाके को अपने हाल पर छोड़ दिया था। आज नॉर्थ ईस्ट पूर्वी एशिया के साथ व्यापार और सांस्कृतिक गेटवे बन रहा है। पूर्वोत्तर में पिछले 10 साल में कनेक्टिविटी बढ़ी है।

चुनाव लड़ना मेरे लिए राजनीति का विषय नहीं

पीएम मोदी ने कहा- भ्रष्टाचार एक ऐसी दीमक है, जिसने देश को खोखला कर दिया है। चुनाव लड़ना मेरे लिए राजनीति का विषय नहीं है, ये मेरा मिशन है। 2014 में मैंने कहा था कि मेरी सरकार गरीबों के कल्याण और भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करेगी। दुनिया की सबसे बड़ी गरीब कल्याण योजना हमने शुरू की है। भ्रष्टाचार से जुड़े कानूनों को सशक्त किया है। डीबीटी शुरू की ताकि कोई लीकेज न हो। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम लेकर आए हैं। मैंने देश में एजेंसियों को भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की खुली छूट देकर रखी है। लेकिन वो ईमानदारी से काम करें। सरकार कहीं भी टांग नहीं अड़ाएगी।

विश्व में सबसे युवा आबादी वाले देश

पीएम मोदी बोले- भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकारें भी आगे आएं। इस सदन से राज्यों को एक संदेश जाए कि वे एक सहयोगी और प्रतियोगी माहौल में काम करें। ये सदी भारत की सदी है। हम विश्व में सबसे युवा आबादी वाले हैं। हमें देश के विकास के लिए अवसरों की खोज करनी है। मैं दुनिया के नेताओं से मिलता हूं। पूरा विश्व भारत में निवेश के लिए तैयार हैं और इसकी शुरुआत राज्यों से होगी।

कांग्रेस सरकार में सीबीआई को सरकारी तोता कहा गया

पीएम मोदी ने कहा कि जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कैसे होता था- कुछ उदाहरण बताता हूं। स्वर्गीय मुलायम सिंह जी ने कहा था कि कांग्रेस से लड़ना आसान नहीं है। वो ईडी, सीबीआई पीछे लगा देगी। मैं रामगोपाल यादव जी से पूछना चाहता हूं कि क्या नेताजी झूठ बोलते थे। थोड़ी बातें भतीजे को भी बता दीजिए। कांग्रेस सरकार में किसने उनके गले में सीबीआई का फंसा डाला था। कांग्रेस सरकार में तो सीबीआई को सरकारी तोता कहा गया था।

नाम लिए बिना आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि शराब घोटाला करें आप, पानी घोटाला करे आप, कांग्रेस की शिकायतें करें आप और अब कांग्रेस आप का साथ दे रही है। कार्रवाई होती है तो मोदी को गाली देते हैं। कांग्रेस ने कभी आप पर गंभीर आरोप लगाए थे। ये लोग दिल्ली में एक साथ बैठकर भ्रष्टाचारियों को बचाने की कोशिश करते हैं और शहजादे उन्हीं के सहयोगी केरल में कहते हैं कि उनके मुख्यमंत्री को जेल भेज दें।

इमरजेंसी के दौरान संविधान पर बुलडोजर चलाया

मोदी ने कहा- संविधान की रक्षा के लिए 1977 में चुनाव हुआ था। संविधान की रक्षा सिर्फ हम करते हैं। कांग्रेस ने इमरजेंसी के दौरान संविधान पर बुलडोजर चलाया था। इन चुनावों में देश ने संविधान की रक्षा के लिए वोट किया है। प्रधानमंत्री एक संवैधानिक पद है, आपने प्रधानमंत्री के संसद के निर्णय को फाड़ दिया, ये हक किसने आपको दिया। प्रधानमंत्री के ऊपर एनएसई बैठाकर रिमोट से सरकार चलाई।

कांग्रेस की एक और असफल लॉन्च

पीएम मोदी ने कहा जो लोग वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में सुतंलन चाहते हैं, उनके लिए भारत बहुत ही श्रेष्ठ भूमि के रूप में उभरा है। स्टॉक मार्केट में तो उछाल आज भी नजर आ रहा है। हमारे कांग्रेस के लोग भी बहुत खुश हैं। क्या ये खुशी हार पर है, क्या ये खुशी नर्वस 90 की है या ये एक और असफल लॉन्च की है। मैं देख रहा था कि खड़गे जी भी खुश नजर आ रहे थे। इस हार का ठीकरा जिनपर फूटना था, वो बच निकले और खड़गे जी दीवार बनकर सामने आ गए। कांग्रेस हमेशा दलितों को करती रही है। दलित मरे उनका कुछ जाता नहीं है। उपराष्ट्रपति चुनाव में सुशील कुमार शिंदे का लड़ा दिया। राष्ट्रपति चुनाव में मीरा कुमार को लड़ा दिया। वे देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी का अपमान करते रहे। देश की पहले आदिवासी राष्ट्रपति का अनादर करने में भी उन्होंने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।

गांवों में नमो ड्रोन दीदी बनाई गई

पीएम ने कहा- देश में विश्वकर्मा समाज को आधुनिक बनाने पर काम हो रहा है। मैं सुधा मूर्ति जी का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने महिलाओं के आरोग्य की चर्चा की थी और कहा कि मां अगर चली गई तो उसका कोई विकल्प नहीं होता है। देश की महिलाओं को सेनेटरी पैड और स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई हैं। हमने 4 करोड़ से ज्यादा घर महिलाओं के नाम कराए हैं। महिला शक्तिकरण की दिशा में स्वसहायता समहू अच्छा काम कर रही हैं। अभी तक 1 करोड़ बहने इन समूहों से जुड़कर लखपति दीदी बनेंगी। आने वाले सालों में इस आंकड़े को 3 करोड़ तक लेकर जाने का लक्ष्य है। सरकार चाहती है कि हर नई टेक्नोलॉजी महिलाओं को मिले। इसी क्रम में गांवों में नमो ड्रोन दीदी बनाई गई हैं। ये उनके जीवन में आगे बढ़ने का ड्राइविंग फोर्स है।

ट्रांसजेंडर वर्ग को मुख्यधारा में लाने का किया प्रयास

मोदी ने कहा- विपक्ष इस जनादेश को पचा नहीं पा रहा है। जनता ने उन्हें हर स्तर पर पराजित किया है। हमने 10 सालों में किसानों पर खाद का बोझ नहीं पड़ने दिया। आजादी के बाद जिनको कभी पूछा नहीं गया, आज मेरी सरकार उनको पूछती भी है और पूजती भी है। हमने दिव्यांग भाइयों के लिए माइक्रो लेवर पर कार्य किया है। हमारे समाज में किसी न किसी कारण एक उपेक्षित वर्ग ट्रांसजेंडर के लिए कानून बनाने का काम किया है। उनको मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया है। हमारे विमुक्त और बंजारा परिवार के लिए बेहतर जीवन की दिशा में कार्य कर रहे हैं। PVGT आदिवासी समुदाय के लिए कार्य कर रहे हैं।

बता दें कि 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 2 जुलाई को खत्म हुआ। लोकसभा में प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान करीब 2 घंटे लंबा संबोधन दिया जिसमें उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से लगाए गए आरोपों का जबाव दिया और इशारों-इशारों में राहुल गांधी को बालक बुद्धि तक कह डाला था। संसद का विशेष सत्र 24 जून से 3 जुलाई तक बुलाया गया था। लोकसभा की कार्यवाही 2 जुलाई को पूरा हुआ और आज राज्यसभा का अंतिम दिन है। 


संबंधित समाचार