होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

शिमला के बधाल में भारी भूस्खलन, 10 अस्थायी घर और सेब के बगीचे तबाह

शिमला के बधाल में भारी भूस्खलन, 10 अस्थायी घर और सेब के बगीचे तबाह

 

शिमला के रामपुर उपमंडल की बधाल पंचायत के नजदीक शिकारी नाला में अचानक पहाड़ी से भारी भूस्खलन होने से 10 अस्थायी घरों (दोगरी) समेत सेब के बगीचे तबाह हो गए। मलबा और पत्थर गिरने की आवाज सुनकर लोग रात को घर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गए। शिकारी नाला में भूस्खलन की चपेट में आने से आसपास के घरों को भी खतरा पैदा हो गया है।

लोगों का कहना है कि जिस तरह से रात को भूस्खलन के दौरान आवाजें आ रही थी, उसे लगा कि बादल फटा हो। उधर, प्रशासन ने बादल फटने की घटना से इन्कार किया है। वहीं, बधाल पंचायत के उपप्रधान संजय जिस्टू ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया।

उपप्रधान ने बताया कि शिकारी नाला में भूस्खलन होने से 10 अस्थायी घरों समेत कई लोगों के सेब बगीचों का नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से नुकसान का आकलन करके प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही कहा कि नाले के आसपास के जिन मकानों को खतरा पैदा हो गया है, उन्हें बचाने के लिए भी ठोस कदम उठाया जाए।  

उधर, नायब तहसीलदार प्रेम नेगी ने बताया कि देर रात को बधाल के शिकारी नाला में अचानक ऊपरी पहाड़ी से भूस्खलन और चट्टानें गिरने से सेब बगीचों को नुकसान हुआ। भूस्खलन के चलते जो मकान खतरे की जद हैं, उनमें रहने वाले लोगों को दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 


संबंधित समाचार