होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

Grammy Awards 2024:शंकर महादेवन-जाकिर हुसैन ने जीता ग्रैमी,बैंड शक्ति बनी 'बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एलबम

Grammy Awards 2024:शंकर महादेवन-जाकिर हुसैन ने जीता ग्रैमी,बैंड शक्ति बनी 'बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एलबम

 

66th Annual Grammy Awards: दुनिया के सबसे सम्मानित म्यूजिक अवार्ड्स कहे जाने वाले ग्रैमी अवॉर्ड 2024 में भारत ने बड़ी सफलता हासिल की है। मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन और गायक शंकर महादेवन के एक फ्यूजन संगीत समूह ‘शक्ति’ ने ‘दिस मूमेंट’ के लिए सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत एल्बम की श्रेणी में 2024 का ग्रैमी पुरस्कार जीता है।

इस एल्बम में संगीत समूह के संस्थापक सदस्य गिटार वादक जॉन मैकलॉघलिन के साथ हुसैन, महादेवन, वायलिन वादक गणेश राजगोपालन और तालवादक सेल्वागणेश विनायकराम शामिल हैं। ग्रैमी अवॉर्ड्स का आयोजन करने वाली रिकॉर्डिंग एकेडमी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पेज पर यह घोषणा की। पोस्ट में कहा गया है, "सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत एल्बम विजेता ‘दिस मूमेंट’ शक्ति को बधाई।" 

वहीं, शंकर महादेवन, राजगोपालन और सेल्वागणेश पुरस्कार लेने के लिए मंच पर आए जबकि मैकलॉघलिन समारोह में शामिल नहीं हुए और हुसैन एक और ग्रैमी पुरस्कार जीतने के बाद मंच के पीछे थे। महादेवन ने इस जीत का श्रेय अपनी पत्नी संगीता को देते हुए कहा, ‘‘हम आपको याद कर रहे हैं जॉन जी। जाकिर हुसैन, उन्होंने आज एक और ग्रैमी पुरस्कार जीता है। ब्वॉयज, ईश्वर, परिवार, दोस्तों और भारत का शुक्रिया। हमें भारत पर गर्व है।’’

हुसैन ने ‘पश्तो’ के लिए सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत प्रस्तुति और अमेरिका के बेंजो वादक बेला फ्लेक और अमेरिकी बास वादक एडगर मेयेर के साथ ‘एज वी स्पीक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ समसामयिक वाद्य एल्बम का ग्रैमी पुरस्कार भी जीता।

इस एल्बम में महान बांसुरी वादक हरिप्रसाद चौरसिया के भतीजे और भारतीय बांसुरी वादक राकेश चौरसिया भी हैं। पुरस्कार समारोह में शामिल हुए दो बार के ग्रैमी विजेता रिकी केज ने 2024 को ग्रैमी में भारत का वर्ष बताया। उन्होंने कहा, "वाह…यह ग्रैमी में पूरी तरह से भारत का वर्ष है। वाह..राकेश चौरसिया, शंकर महादेवन, गणेश राजगोपालन, सेल्वागणेश विनायकराम और उस्ताद जाकिर हुसैन…भारत सही में चमकता सितारा है!! रोमांचक!! एक ही साल में पांच भारतीय ग्रैमी पुरस्कार जीते हैं।"

वहीं, एक अलग पोस्ट में रिकी केज ने कहा, "…और उस्ताद जाकिर हुसैन ने एक ही रात में तीन ग्रैमी पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया। राकेश चौरसिया ने दो पुरस्कार जीते हैं। यह ग्रैमी में भारत के लिए बड़ा साल है…और मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे यह देखने का अवसर मिला।"

बता दें कि 66वें ग्रैमी पुरस्कार का आयोजन रविवार रात को लॉस एंजिलिस में किया गया। दुआ लीपा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से समारोह का आगाज किया। 

 


संबंधित समाचार