होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

महिला आरक्षण बिल के लिए CM सुक्खू ने PM मोदी को दी बधाई, बोले- इससे महिलाओं को मिलेगी और ताकत

महिला आरक्षण बिल के लिए CM सुक्खू ने PM मोदी को दी बधाई, बोले- इससे महिलाओं को मिलेगी और ताकत

 


संसद में  महिला आरक्षण बिल पेश होने पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को ऐतिहासिक दिन बताया और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि इस बिल से महिलाओं को और ताकत मिलेगी।

सीएम सुक्खू ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन-2 (यूपीए-2) सरकार में गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसे राज्यसभा में पारित करा दिया था, लेकिन लोकसभा में पेश नहीं हो पाया। आज नई संसद में केंद्र की मोदी सरकार ने महिला आरक्षण बिल पेश किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं का सम्मान करती है और उन्हें उम्मीद है कि 2024 के लोकसभा चुनाव और आने वाले विधानसभा चुनावों में ही यह आरक्षण लागू हो जाएगा। हिमाचल विधानसभा में से भी कुछ लोग जाएंगे और उनकी जगह महिलाएं, हमारी बेटियां और बहनें दिखेंगी।

इसके लिए मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को बधाई दी और कहा कि इससे महिला शक्ति को और ताकत मिलेगी। इस दौरान उन्होंने विधानसभा की एकमात्र महिला विधायक रीना कश्यप को भी पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया। सीएम सुक्खू ने कहा कि हमारी विधानसभा में सिर्फ एक महिला विधायक है।

उन्होंने कहा कि हम महिलाओं का सम्मान करते हैं और हंसते हुए कहा कि अगर रीना कश्यप इस तरह आएंगी तो हम उन्हें कल ही मंत्री बना देंगे। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए थे और पंचायत संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया था।

उन्होंने कहा कि 2010 में पार्टी की नेता सोनिया गांधी ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए इस बिल को राज्यसभा में पेश किया और पास कराया, तब से यह बिल राज्यसभा में था। इतना ही नहीं, हाल ही में हैदराबाद कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कहा गया कि विधानसभाओं और लोकसभा में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब सरकार नये संसद भवन में आई है तो सरकार लोकसभा में नारी शक्ति वंदन कानून लेकर आयी है। उन्होंने कहा कि आज भारत की नारी शक्ति को नई ताकत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी। सीएम सुक्खू ने आगे कहा कि अब देखना यह है कि यह इस लोकसभा चुनाव में पारित होता है या अगले चुनाव में इसे लागू किया जाता है।

 


संबंधित समाचार