दिल्ली में अगले दो-तीन दिन में न्यूनतम तापमान के चार डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है तथा यहां फिर शीत लहर चल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि अधिकतम तापमान के लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
इस दौरान घने से बेहद घना कोहरा भी छा सकता है। उन्होंने कहा, "बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से आने वाली बफीर्ली हवाओं से तापमान के चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और शहर में अगले दो-तीन दिन तक शीत लहर चलने का अनुमान है।"
बता दें कि मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान के चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने पर आईएमडी शीत लहर और न्यूनतम तापमान के दो डिग्री सेल्सियस या उससे कम होने पर भीषण शीत लहर की घोषणा कर देता है।
वही, राजधानी में आज न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आपको बता दें कि दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो कि इस महीने में अभी तक का सबसे कम अधिकतम तापमान था।