शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 71वें गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने तिरंगा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। परेड देखने के लिए सैकड़ों की तादाद में लोगों की भीड़ जुटी थी।
समारोह में लोगों को शिमला, बिलासपुर और कुल्लू की नाटी देखने को मिली। इसके अलावा कांगड़ा का झमाकड़ा, पटियाला का भांगड़ा और राजस्थानी नृत्य भी पेश किया गया। गणतंत्र दिवस पर सेना, उद्योग विभाग के अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग ने बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ पर लोगों को जागरूक किया। पर्यटन विभाग ने पर्यटक स्थल, वन विभाग ने पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ की जानकारी दी।
भारतीय डाक के इतिहास में पहली बार विभाग के ब्रांड एंबेसडर डाकियों की टुकड़ी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर गणतंत्र दिवस परेड में शामिल हुई। डाक विभाग की टुकड़ी में 24 से 55 साल तक के डाकियों को शामिल किया गया था। वहीं ऊना में स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने झंडा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली।