स्वर्ण मंदिर में पूर्व हजूरी रागी ज्ञानी निर्मल सिंह का गुरूवार तड़के निधन हो गया। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। निर्मल सिंह की उम्र 62 साल थी। बुधवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूर्व हजूरी रागी ज्ञानी निर्मल सिंह को वेंटिलेटर पर रखा गया था। निर्मल सिंह को जीसीएमएच अमृतसर में भर्ती कराया गया था। इसकी जानकारी पंजाब के आपदा प्रबंधन के विशेष मुख्य सचिव केबीएस सिंधु ने दी।
बता दें कि पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित ज्ञानी निर्मल सिंह हाल ही में विदेश से लौटे थे। इसके बाद 30 मार्च को सांस फूलने और चक्कर आने की शिकायत के बाद उन्हें गुरुनानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में उनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। वही, हालत खराब होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया जिसके बाद आज सुबह उनका निधन हो गया।