कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी किसी न किसी मुद्दे को लेकर रोज केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते रहते है। इसी कड़ी में आज उन्होंने संसद में पारित श्रम सुधारों से जुड़े तीन विधेयकों को लेकर सरकार पर वार किया है। गुरुवार को राहुल गांधी ने ट्वीट कर किसानों के बाद मजदूरों पर वार करने का सरकार पर निशाना साधा है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'किसानों के बाद मज़दूरों पर वार। ग़रीबों का शोषण, ‘मित्रों’ का पोषण, यही है बस मोदी जी का शासन।' इस ट्वीट में उन्होंने एक खबर भी साझा की है।
वही, राहुल के अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी इस विधयक को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट किया, 'इस कठिन समय की मांग है कि किसी की नौकरी न जाए। सबकी आजीविका सुरक्षित रहे। भाजपा सरकार की प्राथमिकता देखिए। सरकार अब ऐसा कानून लाई है जिसमें कर्मचारियों को नौकरी से निकालना आसान हो गया है। वाह रे सरकार, आसान कर दिया अत्याचार।'
आपको बता दें कि बुधवार को राज्यसभा ने उपजीविका जन्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यदशा संहिता 2020, औद्योगिक संबंध संहिता 2020 और सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 को मंजूरी दी गई, जिनके तहत कंपनियों को बंद करने की बाधाएं खत्म होंगी और अधिकतम 300 कर्मचारियों वाली कंपनियों को सरकार की इजाजत के बिना कर्मचारियों को हटाने की अनुमति होगी। लोकसभा ने इन तीनों विधेयकों को मंगलवार को पारित किया था और अब इन्हें राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।