देश की राजधानी दिल्ली में तीसरी बार अपनी सरकार बनाने के बाद केजरीवाल की नजर अब बिहार और यूपी पर है। बिहार में इस साल चुनाव होने हैं तो वहीं यूपी में साल 2022 में चुनाव होने हैं। दिल्ली के विकास मॉडल को केजरीवाल सरकार यूपी में आजमाने वाली है। यूपी के विधानसभा चुनावों में केजरीवाल दिल्ली में किए गए विकास कार्यों के लिए वोट मांगते नजर आएंगे।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह लखनऊ के दौरे पर हैं। रविवार को संजय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कि राजनीतिक लिहाज से सबसे संवेदनशील राज्य उत्तर प्रदेश में पार्टी अपनी जमीन तैयार करने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस बात के लिए आश्वस्त है कि वर्ष 2022 में होने वाला उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा।
संजय सिंह ने आगे बताया कि, दिल्ली विधानसभा में चुनाव जीतने वाले आम आदमी पार्टी के 15 विधायक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। ये विधायक प्रदेश में पार्टी की जमीन तैयार करेंगे। इन विधायकों को चुनाव में खास जिम्मेदारी दी जाएगी। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय कोर मुद्दों पर काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान, नौजवान, महिलाओं समेत समाज का हर वर्ग बेहद परेशान है, मगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास की झूठी बातें कहकर अपनी पीठ थपथपाने में व्यस्त हैं।