Delhi Budget 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने मंगलवार को 2025-26 का बजट पेश किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट पेश किया, जिनके पास वित्त मंत्री का पद भी है। बजट पेश करने के दौरान सीएम गुप्ता ने महिला समृद्धि योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये की घोषणा की। इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी में पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता प्रदान करना है।
दिल्ली सरकार महिलाओं को देगी हर महीने 2500 रुपये
बता दें कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के साथ ही महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया गया था। 8 मार्च 2025 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली मंत्रिमंडल ने दिल्ली की महिला समृद्धि योजना को मंजूरी दी थी। इसके लिए सरकार ने 5100 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। यह योजना महिलाओं को वित्तीय स्वतंत्रता और सशक्तिकरण प्रदान करने के इरादे से बनाई गई है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने दिल्ली सरकार द्वारा 2500 रुपये की राशि भेजी जाएगी। हालांकि इसके लिए कुछ बातें हैं जिनका ध्यान रखना होगा।
किसे मिलेगा 'महिला समृद्धि योजना' का लाभ?
दिल्ली में महिला समृद्धि योजना लाभ केवल उन महिलाओं को मिलेगा जिनकी आयु 21 से 60 साल के बीच है। इसके अलावा जिस महिला को यह राशि दी जाएगी, उस महिला को कम से कम 5 साल से दिल्ली की स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। बता दें कि यह योजना मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और गरीबी रेखा से नीचे की महिलाओं के लिए है। बीपीएल कार्ड धारकों को इसमें प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा सरकारी नौकरी करने वाली महिलाएं या उनके परिवार के सदस्य जो आयकर दाखिल करते हों, वो इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं।