हमेशा सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अक्सर अपने फैंस के लिए कुछ न कुछ रोचक पोस्ट करते ही रहते हैं। इसी कड़ी में आज उन्होंने बताया है कि उनकी फिल्म अमर अकबर एंथनी को 43 साल पूरे हो गए हैं। इसके साथ ही बिग बी ने बताया कि इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता मिली थी।
दरअसल, अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर 'अमर अकबर एंथनी' फिल्म की स्टारकास्ट की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। ट्विटर पर अपने इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'फिल्म ने 43 साल पहले सवा 7 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था जिसे आज की महंगाई के हिसाब से देखा जाए तो यह बड़ी रकम साबित होगी।'
उन्होंने कैप्शन में आगे लिखा, आज से 43 साल पहले अमर अकबर एंथोनी ने 7.25 करोड़ रुपये कमाए थे। अगर आज की महंगाई के हिसाब से इसे देखा जाए तो ये फिल्म बाहुबली 2-कंक्लूजन की कमाई से भी ज्यादा है।'
आपको बता दें कि इस फिल्म में अमिताभ के अलावा ऋषि कपूर, विनोद खन्ना, शबाना आजमी, नीतू सिंह, परवीन बाबी, प्राण और निरूपा रॉय ने काम किया था। यही नहीं फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स भी मिला था। अमर अकबर एंथनी फिल्म का निर्देशन मनमोहन देसाई ने किया था।