दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगर वह चंडीगढ़ के महापौर चुनाव में ‘गड़बड़ी’ कर सकती है तो विधानसभा और लोकसभा चुनावों में किसी भी हद तक जा सकती है।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी चंडीगढ़ महापौर चुनाव में वोट ‘चोरी’ करते हुए कैमरे पर नजर आई। उन्होंने आरोप लगाया, "पिछले कुछ वर्षों में हमने सुना था कि भाजपा चुनावों में गड़बड़ी करती है। वे ईवीएम से छेड़छाड़ करते हैं, मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाते हैं लेकिन कभी कोई सबूत नहीं मिला। वे चंडीगढ़ में वोट चुराते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।"
मुख्यमंत्री ने आगे कहा,"यदि वे चंडीगढ़ महापौर चुनाव में ऐसी अनियमितताएं कर सकते हैं तो वे लोकसभा और विधानसभा चुनावों में सोचिए क्या कर सकते हैं। वे सत्ता के लिए देश को बेच सकते हैं लेकिन हम उन्हें ऐसा नहीं करने देंगे। हमें लोकतंत्र और देश को बचाना है।"
बता दें कि चंडीगढ़ में मंगलवार को महापौर, वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर के पदों के लिए मंगलवार को चुनाव हुआ था जिसमें भाजपा ने कांग्रेस-आप के गठबंधन को हराकर सभी पदों पर जीत हासिल की थी।
वहीं, सीएम केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस ने बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को रोका और हिरासत में लिया। बता दें कि AAP’ ने प्रदर्शन की योजना BJP मुख्यालय के सामने बनाई थी लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती और अवरोधक लगाए जाने के कारण कार्यकर्ता वहां तक नहीं पहुंच सके।