वॉशिंगटन: राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के अटैक के बाद अमेरिकी प्रशासन का भी पाकिस्तान पर लगातार हमला जारी है। अब संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत निकी हेली ने कहा है कि पाकिस्तान सालों से वॉशिंगटन के साथ डबल गेम खेलता आ रहा है जो कि ट्रंप प्रशासन के लिए अस्वीकार्य है। हेली ने संयुक्त राष्ट्र में राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा पाकिस्तान को 1625 करोड़ रुपये की सैन्य मदद पर लगाई गई रोक के समर्थन में यह बयान दिया।
बता दें कि हेली ने अपने बयान में पाक पर अमेरिका के साथ डबल गेम खेलने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक पाक आतंक को बढ़ावा देना बंद नहीं करता यह सख्ती जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक मदद पर रोक लगाने के लिए कारण बिल्कुल स्पष्ट है। पाकिस्तान ने सालों से अमेरिका के साथ डबल गेम खेला है। ट्रंप प्रशासन इसे स्वीकार नहीं करने वाला है। हेली ने न्यूयॉर्क स्थित यूएन हेडक्वाटर्स के बाहर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को संबोधित करते हुए यह बात कही।
हेली ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे (पाकिस्तानी) हमारे साथ काम करते हैं और आतंकवादियों को पनाह भी देते हैं जिन्होंने अफगानिस्तान में हमारे सैनिकों पर हमला किया। ट्रंप प्रशासन के लिए यह नीति बिल्कुल भी स्वीकार नहीं है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वह पाकिस्तान बहुत अधिक सहयोग की उम्मीद करता है।
बता दें कि इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने 1 जनवरी को अपने ट्वीट में पाकिस्तान पर आरोप लगाया था कि उसने आतंकवादियों को ‘सुरक्षित पनाह’ दे रखा है. इस दौरान उसने अमेरिका से 33 अरब डॉलर से अधिक की सहायता राशि ली, बदले में पिछले 15 वर्षों में केवल धोखा दिया है।