महेंद्र सिंह धोनी को आधुनिक क्रिकेट के सबसे शातिर दिमाग में से एक माना जाता है। लेकिन अंत में वह भी एक इंसान हैं और अनुभवी विकेटकीपर भी कई बार गलत टिप्स दे चुके हैं। यह बात टीम इंडिया के चाइनामैन कुलदीप यादव ने बताई। कुलदीप से जब पूछा गया कि करियर में किसी समय पर भारतीय विश्व कप विजेता कप्तान एमएस धोनी की टिप्स गलत साबित हुई तो चाइनामैन ने जवाब दिया, ऐसा कई बार हुआ जब धोनी की टिप्स गलत हुई, लेकिन आप उन्हें ये बोल नहीं सकते।
कुलदीप ने हालांकि कहा कि धोनी ऐसे हैं जो अपने विचार ओवर के बीच में देते हैं। जब भी धोनी को महसूस होता है कि इसकी जरूरत है तो वो बोल देते हैं। उत्तर प्रदेश के बाएं हाथ के स्पिनर ने कहा, धोनी ज्यादा बात नहीं करते हैं। वह ओवर के बीच में बात करते हैं अगर उन्हें लगे कि किसी चीज का ध्यान दिलाना जरूरी है।
धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2007 आईसीसी टी20 विश्व कप और 2011 वन-डे विश्व कप जीता है। धोनी ने 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया और 2017 में वन-डे और टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तानी छोड़ी। 37 वर्षीय धोनी आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी कप्तानी में इस साल चेन्नई आईपीएल फाइनल तक पहुंची, जहां रविवार को मुंबई इंडियंस के हाथों 1 रन की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।
वहीं कुलदीप यादव ने आईपीएल 2019 में कोलकाता नाइटराइडर्स का प्रतिनिधित्व किया। रिस्ट स्पिनर का आईपीएल में प्रदर्शन काफी लचर रहा और खराब प्रदर्शन के चलते कई बार उन्हें टीम से बाहर भी किया गया। वैसे, कुलदीप ने जो धोनी के बारे में बयान दिया, उससे परे इस पर गौर करना जरूरी है कि चाइनामैन की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सफल होने के पीछे माही का बड़ा हाथ है।
दरअसल, कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धोनी की विकेट के पीछे से मिलने वाली सलाह से काफी सफल हुए। दोनों को धोनी समय-समय पर महत्वपूर्ण सलाह देते हैं। जिसकी बदौलत ये दोनों विकेट लेने में कामयाब होते हैं और इसका पूरा फायदा टीम इंडिया को मिलता रहा है। अब धोनी आगामी विश्व कप की तैयारियों में जुटे हैं। विराट कोहली के नेतृत्व वाली भारतीय टीम तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने के लिए पूरा जोर लगाएगी। टीम इंडिया 2019 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत 5 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगी।