ICC World Cup 2019 को खत्म हुए 2 महीने हो चुके है। इंग्लैंड इस बार नया विश्व विजेता बना था। लेकिन फाइनल हारने वाली न्यूजीलैंड की टीम अब भी उस करीबी मुकाबले को नहीं भुला पा रही है। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि टीम के खिलाड़ी अब भी यह नहीं समझ पा रहे हैं कि गलती कहां हुई।
इंग्लैंड की टीम ने न्यूजीलैंड को फाइनल में बाउंड्री काउंट के आधार पर हराकर विश्व कप ट्रॉफी पर कब्जा किया था। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला टाई होने के बाद सुपरओवर में भी बराबरी पर खत्म हुआ था। इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड से ज्यादा बाउंड्री लगाई थीं और इसी आधार पर वह विश्व चैंपियन बना।
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा, यह वो चीज है, जिसके बारे में आप रोज ही बात करते हो। छोटी-छोटी बातों में भी इसका जिक्र आ जाता है। हम सभी आज भी यह समझने की कोशिश करते हैं कि गलती कहां हो गई। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि हम उस मैच में खेल रहे थे। लेकिन यह जिस तरह से खत्म हुआ, उसकी कसक आज भी है। यह वो बात है, जो हमें बरसों तक सताती रहेगी।