दिल्ली के चिड़ियाघर का एक डरावना विडियो सामने आया है। इसमें एक शख्स किसी फिल्मी सीन की तरह शेर के बाड़े में कूदकर उसके सामने जाकर खड़ा हो गया। हालांकि, कोई बड़ी अनहोनी होने से बच गई है। सामने आने के बावजूद शख्स को शेर ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। फिलहाल शख्स को बाड़े से बाहर निकाल लिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शख्स जानबूझकर बाड़े में कूदा था। वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। वह शेर के पास जाकर बैठ गया था। करीब एक मिनट के विडियो में शख्स पहले बाड़े में खड़ा रहा और फिर वहीं शेर के सामने बैठ गया। इस दौरान शेर कोई हरकत नहीं कर रहा था।
बाद में शेर पास आकर शख्स को सूंघ भी रहा था। आनन फानन में सुरक्षा कर्मी बाड़े में कूदे और शख्स की जान बचाई, ये शख्स मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। डीसीपी ने बताया कि शख्स का नाम रेहान खान है। वह बिहार का रहनेवाला है और उसकी उम्र 21 साल है। रेहान दिल्ली घूमने आया हुआ था। चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि एक साइड में लोहे की ग्रिल थी वह दूसरी साइड में बांस की लकड़ी का बाड़ा बनाया हुआ था। रेहान बांस की लकड़ी के बाड़े पर चढ़ गया था और फिर अंदर गिर गया।