तिहाड़ जेल में बंद हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला के पास गुरुवार को छापेमारी के दौरान आईफोन मिला है। इसी जेल में बंद उनके बेटे अजय चौटाला के पास नशीला पदार्थ मिला है। दोनों को सजा के लिए जेल सुपरिंटेंडेंट जेल विजिटिंग जज को फाइल भेजेंगे।
चौटाला पिता-पुत्र जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में सजा काट रहे हैं। तिहाड़ जेल महानिदेशक के आदेश पर जेल नंबर 2 में तलाशी शुरू हुई। तमिलनाडु स्पेशल पुलिस के 15 जवानों सहित 21 लोगों की टीम ने कोठरियों में छानबीन की। टीम वार्ड 3 स्थित चौटाला की कोठरी में पहुंची। चौटाला सो रहे थे। उनका सेवादार वहीं था। मेज पर आईफोन था। कूलर व इंडक्शन चूल्हा भी मिला है। जेल में ये सब रखने की इजाजत नहीं है। कहा जा रहा है कि मोबाइल सेवादार रखता था। इसी जेल में छोटा राजन और शहाबुद्दीन भी बंद हैं। हाई सिक्योरिटी सेल होने के कारण वहां छापेमारी नहीं की गई।
इसके साथ ही आपके बता दे कि इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रहे अशोक अरोड़ा को ओमप्रकाश चौटाला ने वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है, जबकि वे खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। चौटाला राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित कर बुधवार की शाम को वापस तिहाड़ जेल चले गए थे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सांसद रामकुमार कश्यप, साधु राम चौधरी, नारायण प्रसाद अग्रवाल, ओपी चौधरी, अश्वनी दत्ता और भागी राम को उपाध्यक्ष बनाया गया है।