यूरो कप 2020 के क्वालिफायर मुकाबले में यूक्रेन ने पुर्तगाल को 2-1 से हरा दिया। मैच में पुर्तगाल के लिए एकमात्र गोल स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 72वें मिनट में पेनल्टी से किया। यह उनके करियर का 700वां गोल रहा। वे इस आंकड़े को छूने वाले दुनिया के छठे और मौजूद फुटबॉलर्स में अव्वल हैं। चेक रिपब्लिक के पूर्व फुटबॉलर जोसेफ बाइकन 805 गोल के साथ नंबर एक पर काबिज हैं।
34 साल के रोनाल्डो ने यह उपलब्धि 973वें मैच में हासिल की। फुटबॉल इतिहास में ब्राजील के रोमारियो, पेले और जर्मनी के गर्ड म्यूलर भी 700 से ज्यादा गोल कर चुके हैं। पुर्तगाली खिलाड़ी रोनाल्डो ने अपने करियर में 444 गोल दाएं पैर से किए हैं। इसके अलावा 126 गोल बाएं पैर से, दो गोल उन्होंने सीने के दाहिने हिस्से से और 128 गोल हेडर से किए हैं।
रोनाल्डो ने अपने 17 साल लंबे करियर में 95 गोल राष्ट्रीय टीम पुर्तगाल के लिए किए हैं। इसके अलावा अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय क्लबों के लिए उन्होंने 605 गोल दागे हैं। इसमें सबसे ज्यादा रियाल मैड्रिड के लिए 450 गोल, मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए 118, युवेंट्स के लिए 32 और स्पोर्टिंग क्लब पुर्तगाल के लिए 5 गोल किए हैं।