पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने माना है कि दिल्ली में प्रदूषण और स्मॉग की स्थितिे के लिए पंजाब भी जिम्मेदार है, लेकिन उसे पूरा दोष नहीं दिया जा सकता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस पर राजनीति करना छोड़कर खुद के यहां की स्थिति को देखना चाहिए। इसके साथ ही प्रदूषण को लेकर हाहाकार मचने के बाद पंजाब सरकार ने पराली जलाने वाले किसानों पर और सख्ती शुरू कर दी है।
रविवार को तरनतारन और फतेहगढ़ साहिब में पराली जलाने पर 40 किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। फतेहगढ़ साहिब में पांच किसानों को गिरफ्तार भी किया गया है। सरकार ने सख्ती करने के साथ ही लोगों की सेहत के खतरे को देखते हुए एहतियाती कदम भी उठाने शुरू कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक बार फिर कहा है कि दिल्ली में प्रदूषण बढऩे के लिए सारा दोष पंजाब पर मढऩा ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तरफ से आती हवाओं समेत पश्चिमी चक्रवात से दिल्ली में स्मॉग के लिए पंजाब की भूमिका तो है लेकिन सिर्फ वही दोषी नहीं है। दिल्ली में प्रदूषण के कई कारण हैं।
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि हाई कोर्ट द्वारा किसानों को बीते वर्ष किए जुर्मानों की वसूली करने पर रोक लगाने के बावजूद राज्य सरकार पराली जलाने वाले किसानों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। वायु प्रदूषण की समस्या को रोकने के लिए उनकी सरकार बेहद संजीदा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक करीब तीन हजार किसानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। पिछले साल के मुकाबले इस बार पराली कम जल रही है। कुल मामलों में दस से बीस फीसद तक की कमी आने की पूरी संभावना है।