अपने जमाने की मशहूर अदाकारा जीनत अमान ने जुहू पुलिस स्टेशन में एक बिजनेसमैन के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकाने का मामला दर्ज करवाया था। आरोपी का नाम सरफराज उर्फ अमन खन्ना बताया गया था। जीनत अमान की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जीनत ने 38 वर्षीय सरफराज उर्फ अमन खन्ना पर आरोप लगाया था कि उसने उनके घर के परिसर में आकर सिक्योरिटी गार्ड से बदतमीजी और मारपीट की थी। शिकायत के बाद आरोपी को फरार बताया जा रहा था लेकिन कुछ दिनों बाद में मुंबई पुलिस ने उसे धर दबोचा। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि जीनत का जन्म 19 नवंबर 1951 में मुंबई में हुआ था। उनके पिता अमानुल्लाह खान एक लेखक थे। जीनत जब 13 साल की थीं, तब उनके पिता की मौत हो गई। कुछ समय बाद उनकी मां सिदा ने जर्मनी निवासी हेंज से शादी कर ली।
जीनत मां के साथ जर्मनी में रहने लगी। हालांकि लॉस एंजेलिस में ग्रेजुएशन की पढ़ाई छोड़ वह भारत लौट आईं। उन्होंने अंग्रेजी पत्रिका 'फेमिना' में पत्रकार के तौर पर काम करना शुरू किया। फिर मॉडलिंग की। 1970 में मिस एशिया पेसिफिक का खिताब जीतने के बाद उन्होंने फिल्मी करियर शुरू किया।
जीनत 'दम मारो दम' गाने से मशहूर हो गईं। हर तरफ उनकी चर्चा होने लगी। 'सत्यम शिवम सुंदरम' के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला।
साल 1985 में अभिनेता मजहर खान से जीनत से शादी की। हालांकि, उनका वैवाहिक जीवन सुखद नहीं रहा।