कल कपूर खानदान की एक पीढ़ी का अंत हो गया। रणधीर कपूर ने कंफर्म किया कि कार्डियक अरेस्ट की वजह से सुबह 5 बजे राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर का 87 की उम्र में निधन हो गया।
बॉलीवुड में शोक की लहर
कृष्णा के निधन से कपूर खानदान ही नहीं बल्कि पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर है। अनुपम खेर, मधुर भंडारकर, रिदिमा कपूर, सुहेल सेठ, रवीना टंडन और सोहा अली खान ने ट्वीट कर दुख जताया।
ऋषि कपूर की बेटी रिदिमा कपूर ने अपनी दादी के निधन पर इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं और हमेशा करती रहूंगी। आपकी आत्मा को शांति मिले दादी।'
1946 में कृष्णा ने राज कपूर से शादी की थी। उनका असल नाम कृष्णा मल्होत्रा था। 1988 में राज कपूर के निधन के बाद कृष्णा ने ही अपने पूरे परिवार को एकजुट करके रखा। कृष्णा अपने ड्रेसिंग सेंस और फैशन के लिए जानी जाती थीं।